बड़ौत में भट्ठे पर झगड़े में घायल मजदूर।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत के बड़ौली गांव में ईंट भट्ठे पर महिला से छेड़छाड़ को लेकर जमकर पथराव हुआ और लाठी डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों के 14 लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। इस मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है।
शुक्रवार को बड़ौली में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाले एक परिवार की महिला से यहीं मजदूरी कर रहे युवकों ने छेड़छाड़ की। महिला ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। उसके परिजन शिकायत लेकर जब दूसरे पक्ष के पास गए तो उनमें कहासुनी हो गई और देखते-देखते दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों तरफ से जमकर पथराव होने लगा और लाठी डंडे चले।
इसमें एक पक्ष के सोनू, शिव कुमार, सोहनदास, रविंद्र, सचिन, शनि, सुरेश, सुखपाल, इंद्रपाल और दूसरे पक्ष के कपिल, सुखपाल, अभिषेक, चंद्रपाल, मोजी राम निवासीगण जौहड़ी घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। इस मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है। दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है।
उधर, पठानकोट मोहल्ले में मोबाइल के पैसे मांगने पर एक युवक को घर बुलाकर मारपीट कर घायल कर दिया गया। इस संबंध में युवक ने एक महिला समेत दो के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। दूसरी तरफ, बिजरौल गांव में बृहस्पतिवार की शाम शमशेर और शाहरुख ने शराब पी और इसी दौरान उनमें कुछ कहासुनी हो गई। शमशेर ने शाहरुख को अपने घर में बंद कर लिया और पुलिस बुला ली।
पुलिस शाहरुख को अपने साथ ले गई। शुक्रवार की सुबह जब शाहरुख के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो वे शमशेर के घर शिकायत लेकर पहुंचे। आरोप है कि शमशेर पक्ष के लोगों ने उनके घर पर पथराव कर दिया। इसमें शाहरुख की मां वसीला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस संबंध में वसीला ने तहरीर दी है। पुलिस ने महिला को सीएचसी पर भर्ती कराया है।