बागपत। किसी भी तरह की आपदा में लोगों को बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है और इसके लिए ही बुधवार शाम को ब्लैक आउट मॉक ड्रिल की जाएगी। इसमें शाम 7:15 बजे सायरन बजने लगेंगे और जिलेभर में अंधेरा छा जाएगा। ब्लैक आउट मॉकड्रिल 7:30 बजे तक जारी रहेगी।
ब्लैक आउट मॉक ड्रिल को लेकर मंगलवार को कलक्ट्रेट के सभागार में समीक्षा बैठक की गई। इसमें डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय ने मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मॉक ड्रिल से पहले सभी तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। अफसरों ने बताया कि ब्लैक आउट मॉक ड्रिल में हवाई हमले से बचाव की स्थिति को दर्शाया जाएगा और लोगों को हमले के दौरान बचाव के लिए जागरूक भी किया जाएगा।
बुधवार शाम सात बजकर 15 मिनट पर मॉक ड्रिल विकास भवन से शुरू की जाएगी। इसमें जिले की सभी ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, मुख्य चौराहों, मंदिरों और मस्जिदों से सायरन और लाउडस्पीकर से एलान कराकर लोगों को अलर्ट किया जाएगा। इसके साथ ब्लैक आउट भी लागू हो जाएगा। ब्लैक आउट में घरों की लाइटें, इन्वर्टर, बैटरे समेत सभी प्रकार की लाइटें बंद रखी जाएंगी।
सड़क पर चलने वाले वाहनों को चालक साइड में लेकर खड़े हो जाएंगे। ब्लैक आउट मॉक ड्रिल में सभी विभागों के अफसर, आपदा प्रबंधन इकाइयां, नेहरू युवा केंद्र, उड़ान यूथ क्लब, एनसीसी कैडे्टस, पुलिसकर्मी, एयरफोर्स समेत कई एजेंसी शामिल रहेंगी।
इस मौके पर एडीएम पंकज वर्मा, सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, एएसपी एनपी सिंह, एसीएमओ डॉ. दीपा सिंह, बीएसए गीता चौधरी, अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना समेत अन्य मौजूद रहे।