खट्टा से पांच साल का मासूम लापता, एसपी ऑफिस पर हंगामा
बागपत। खट्टा प्रहलादपुर गांव से लापता पांच साल के अर्श की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने एसपी ऑफिस पर हंगामा किया। पीड़ितों ने कहा कि पुलिस का रवैया ढीला है। सात दिन बाद भी मासूम का पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। नाराज परिजनों ने एसपी ऑफिस के सामने सांकेतिक जाम भी लगाया। पुलिस ने किसी तरह समझाकर जाम खुलवाया। पीड़ितों ने बच्चे की बरामदगी नहीं होने पर धरना प्रदर्शन कर सड़क जाम करने की चेतावनी दी।
चांदीनगर थाना क्षेत्र के खट्टा प्रहलादपुर गांव निवासी खालिद का पांच साल का बेटा गत 23 जनवरी को गांव में लगने वाली साप्ताहिक पैठ से गायब हो गया था। परिजनों ने तलाश की, लेकिन अर्श का सुराग नहीं लग सका। चांदीनगर पुलिस ने दी गई तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर ली। पीड़ित परिवार के लोग बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। पुलिस कप्तान से पीड़ित परिवार की मुलाकात नहीं हो सकी। पीड़ितों ने एसपी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। होली चौक से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर सांकेतिक जाम लगा दिया। एलान किया कि अगर पुलिस ने अर्श को जल्द ही बरामद नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। थाना बिनौली के एसएसआई चितवन कुमार पीड़ितों के बीच पहुंचे और जल्द से जल्द बरामदगी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। खालिद, जैतून, जुबैदा, रहीसा, नूरजहां समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
भैस बरामद हो सकती है तो मासूम क्यों नहीं
बागपत। खट्टा के ग्रामीणों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि पूर्व मंत्री आजम खां की चोरी हुई भैंस बरामद हो सकती है तो पुलिस उनके पांच साल के बेटे को बरामद क्यों नहीं कर रही है। पुलिस के रवैये पर भी पीड़ित परिवार ने सवाल उठाया।
किशोरी को बरामद करने की मांग
बागपत। दोघट क्षेत्र से लापता किशोरी के परिजनों ने बरामदगी की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी बेटी कक्षा आठ की छात्रा है। फरूर्खाबाद का एक आरोपी उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पूरे प्रकरण से अवगत पुलिस अभी तक किशोरी को बरामद नहीं कर सकी है।