खनन अधिकारी की तहरीर पर नौ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कोताना गांव के खादर में मंगलवार को जांच करने गई टीम पर किया था हमला
जांच में 4,18,950 घन मीटर मिला था अवैध खनन, पुलिस ने पांच को हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। कोताना गांव के खादर में डीएम के आदेशों पर मंगलवार को जांच करने पहुंची खनन अधिकारी और नायाब तहसीलदार के साथ पहुंची टीम पर हमला किया गया था। टीम ने 4,18,950 घनमीटर खनन भी पकड़ा था, जो हरियाणा के सोनीपत के अल्टीमेटम ग्रुप के इशारे पर किया जा रहा था। इस मामले में खनन अधिकारी की तहरीर पर नौ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले रखा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली में तहरीर देते हुए खनन अधिकारी हवलदार सिंह यादव ने बताया कि डीएम के आदेशों पर मंगलवार को नायाब तहसीलदार विवेक कुमार मिश्रा, लेखपाल भारत भूषण, सर्वे लेखपाल गोपनाथ सिंह, उपनिरीक्षक श्याम सिंह, हेडकांस्टेबल ज्ञानेंद्र पाल, कांस्टेबल कवित, बलजीत सिंह व राहुल शर्मा कोताना गांव के खादर मेें रेत खनन की जांच करने पहुंचे थे। जांच में खसरा नंबर 706 में 245 मीटर लंबाई, 190 मीटर चौड़ाई और 9 मीटर गहराई अर्थात 4,18,950 घनमीटर खनन किया गया था। टीम ने जैसे ही तीन पोकलेन और एक डंपर कब्जे में लिया, वैसे ही 15 से 20 हथियारबंद लोग वहां पर पहुंचे गए और टीम पर हमला कर दिया। इसमें लेखपाल, कांस्टेबल सहित अन्य कईं को चोटें लगी। टीम किसी तरह जान बचाकर वहां से निकली और एसडीएम सुभाष सिंह व सीओ युवराज सिंह को दी थी। इसके बाद एसडीएम और सीओ ने पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर पांच लोगों को हिरासत में लिया था, जबकि अन्य भाग निकले थे।
खनन अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए धर्मवीर ने बताया कि वे लोग हरियाणा के सोनीपत के अल्टीमेटम ग्रुप के लिए काम करते है। हेमंत उर्फ राजू पुत्र मुंशी मीमापुर थाना मुरथल जिला सोनीपत, मोहित, विपिन और ईश्वर भी ग्रुप मेें काम करते है। बताया कि बड़ौत कोतवाली में अल्टीमेटम ग्रुप के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज है। खनन अधिकारी ने बताया कि खसरा नंबर 706 राजकीय संपत्ति है, जिसमें अवैध रेत खनन कर नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
सीओ युवराज सिंह ने बताया कि खनन अधिकारी हवलदार सिंह यादव की तहरीर पर जयदीप पुत्र कृष्ण, मोहित पुत्र सहाब सिंह निवासीगण बसौदी राई सोनीपत, धर्मवीर उर्फ धर्मपाल उर्फ धर्म पुत्र शिवकुमार शर्मा निवासी पानीपत रोड सफौदी जींद हरियाणा, सलीम पुत्र इकबाल निवासी ग्यासपुर मुरथल सोनीपत, हेमंत उर्फ राजू पुत्र मुंशी निवासी मीमारपुर मुरथल सोनीपत, मल्होत्रा, मोहित, विपिन व ईश्वर निवासी अल्टीमेटम ग्रुप सोनीपत हरियाणा और एक अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।