चांदीनगर। लहचौड़ा गांव में चल रहे श्मशान के रास्ते के विवाद को लेकर तहसील की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। कर्मचारियों ने कहा कि प्रकरण की रिपोर्ट डीएम शकुंतला गौतम को सौंपी जाएगी।
बता दें कि लहचौड़ा गांव में श्मशान न होने के कारण ग्रामीण खेतों में शवों का दाह संस्कार करते थे। इसे देखते हुए प्रशासन ने ग्राम समाज की भूमि पर श्मशान का निर्माण कराया गया, लेकिन रास्ते की समस्या बनी हुई है। गांव का एक पक्ष जब रास्ता निकालने लगा तो दूसरे पक्ष ने उसका विरोध किया। मामला इलाहाबाद कोर्ट तक भी पहुंच गया, जहां मामला विचाराधीन है। एक माह पहले रास्ता निकालने को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ और मामला फिर इलाहबाद कोर्ट पहुंचा और यहां से जिलाधिकारी को एक माह में समाधान के लिए कहा गया। इसके बाद लहचौड़ा ग्राम प्रधान ने खेकड़ा एसडीएम से मौके की पैमाइश कराने की मांग की थी। शनिवार को तहसीलदार खेकड़ा यदुवंश सिंह के नेतृत्व में प्रशासन की टीम लहचौड़ा गांव पहुंची। लेखपाल सुखपाल ने बताया कि मौके पर जांच की गई है। रिपोर्ट एसडीएम के माध्यम से डीएम को भेजी जाएगी। पैमाइश के दौरान ग्रामीण और पुलिस मौजूद रहीं।