अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे के खल व्यापारी से लूट का खुलासा हो चुका है। व्यापारियों ने भविष्य में सुरक्षा के लिए एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव से मिलकर शस्त्र प्रशिक्षण दिलाए जाने की मांग रखी है। व्यापारियों का कहना है कि इस पर सहमति मिल गई है। पुलिस लाइन में ग्रुप में बुलाकर व्यापारियों को शस्त्र प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर कैमरे लगवाएंगे।
खल व्यापारी से लूट का खुलासा होने पर कस्बे के व्यापारियों में खुशी की लहर है। व्यापारी संघ के अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव से मिल कर उनका आभार व्यक्त किया। अभिमन्यु गुप्ता ने बताया कि कस्बे में 100 से ज्यादा लाइसेंसी हथियार है। अब उन लोगों को हथियारों का और अधिक बेहतर तरीके से संचालन सीखना है। एसपी ने आरआई किशोर सिंह रौतेला को कस्बे के व्यापारियों के छोटे-छोटे ग्रुप बनाकर पुलिस लाइन की शूटिंग रेंज पर प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए है। व्यापारियों का कहना है कि लाइसेंसी शस्त्र की देखरेख का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
तमंचे के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार
अग्रवाल मंडी टटीरी। अग्रवाल टटीरी पुलिस चौकी टीम ने मंगलवार शाम को बसौद पुलिया के पास चेकिंग के दौरान मितली गांव के अभिषेक पुत्र धर्मवीर व धर्मवीर पुत्र महेंद्र को दो तमंचे व कारतूस सहित गिरफ्तार किया।