बड़ौत। प्रदेश सरकार की शिक्षक विरोधी नीतियों के विरोध में माध्यमिक शिक्षक संघ के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को काला दिवस मनाया। इस मौके पर शिक्षकों ने नगर के मुख्य मार्गों से पैदल मार्च निकालकर आक्रोश व्यक्त किया।
बृहस्पतिवार को माध्यमिक शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में शिक्षक बिनौली रोड पर एकत्र हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ काला दिवस मनाकर पैदल मार्च निकाला। इस दौरान शिक्षक वीरेंद्र सिंह ने कहा यह सरकार आए दिन तुगलकी आदेशों के जरिये शिक्षकों को अपमानित करने का काम कर रही है। भीषण गर्मी में कोरोना वायरस के चलते जहां रेड जोन में बोर्ड कापियों के मूल्यांकन में जबरदस्ती बुलाया जा रहा है, इससे शिक्षकों में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मांग को लेकर संगठन आंदोलित है। यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बैठक कर संघ प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करने का निर्णय लेगा। इसमें अजय राज शर्मा, पंकज शर्मा, सत्यवीर सिंह, जितेंद्र पाल सिंह, इंद्र पाल आदि रहे।