खेकड़ा। गांव महरमपुर के कुलदीप के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ बृहस्पतिवार को कोतवाली परिसर में प्रदर्शन किया और कुलदीप के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी कराने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की।
गांव महरमपुर में तेरह मई को शाम सात बजे रंजिश के चलते गांव के ही कई लोगों ने कुलदीप पुत्र सुरजी की पूर्वी यमन नहर के पास गोली बरसाकर हत्या की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कुलदीप का शव पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा। इसके बाद मृतक के चाचा कृष्ण ने अन्य परिजनों के साथ कोतवाली में गांव के एक ही परिवार के पांच लोगों के खिलाफ कुलदीप की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाकर नामजद मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने तभी एक आरोपी रिंकू को गिरफ्तार कर जेल भेजा। अन्य चार आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
बृहस्पतिवार को दोपहर बाद तीन बजे मृतक के परिजन एवं गांव के लोग एकत्र होकर कोतवाली में पहुंचे। वहां उन्होंने प्रदर्शन कर कहा पुलिस कुलदीप की हत्या करने वाले चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपी गांव में ही घूम रहे हैं। उन्होंने कोतवाली प्रभारी से मिलकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही अपनी जान माल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई। इस दौरान राजेंद्र, अनिल, अजब सिंह, राजबीर, सतबीर, कृष्णपाल, श्रीपाल, भरत, योगी आदि रहे। कोतवाली प्रभारी राज कुमार शर्मा ने कहा पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई होगी।