बड़ौत में जैन स्थानकवासी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ की अंतर महाविद्यालय दो दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन मेरठ और साहिबाबाद की टीम का दबदबा रहा।
शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ पशुधन विभाग के सलाहकार चौधरी साहब सिंह ने सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से किया। उन्होंने कहा कि खेलों से छात्र-छात्राओं का मानसिक और शारीरिक संतुलन बढ़ता है।
इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में सात टीमों ने भाग लिया। मेरठ कॉलेज मेरठ ने जैन स्थानकवासी गर्ल्स डिग्री कॉलेज बड़ौत को 4-0 से पराजित किया।
एलआर कॉलेज साहिबाबाद ने एमएम कॉलेज मोदीनगर को भी 4-0 से हराया। प्रतिद्वंद्वी टीम के न आने से एमएमएच कॉलेज गाजियाबाद ने अगले चरण में प्रवेश किया।
दूसरे चरण में मेरठ कॉलेज मेरठ का एलआर कॉलेज साहिबाबाद, जेवी जैन कॉलेज सहारनपुर का एमएमएच गाजियाबाद, जेएवी कॉलेज बड़ौत का एमएम मोदीनगर से मुकाबला जारी था, जबकि प्रतिद्वंद्वी टीम के नहीं पहुंचने पर केएलपीजी कॉलेज, मेरठ को बाई मिली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्योप्रसाद जैन और संचालन सचिव अमित राय जैन ने किया। इस प्रतियोगिता की आयोजन सचिव प्रवीता खत्री रही। अंत में प्राचार्य डॉ. मंजू शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।