पानीपत के समालखा निवासी फैक्टरी संचालक ने बागपत कोतवाली में दी तहरीर, सीओ ने दिया जांच के निर्देश
बागपत। पानीपत के समालखा निवासी फैक्टरी संचालक से बागपत के एक मौलाना ने घर में खजाना दबा होने का लालच देकर 29 लाख रुपये और एक गाड़ी ठग ली। सोमवार को पीड़ित ने बागपत कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मुजफ्फरनगर के एक युवक पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। सीओ ने घटना की जांच के आदेश दिए है।
पानीपत के समालखा स्थित हतवाना रोड निवासी जाफर खान ने बागपत कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी धान बरसाने वाले पंखे की फैक्टरी है। उसकी फैक्टरी के पास ही मुजफ्फरनगर के कसेरवा गांव निवासी एक युवक दुकान लगाता है। युवक ने उसे घर में सोना-चांदी दबा होने का लालच दिया। इसका पता लगाने के लिए युवक ने बागपत के एक मौलाना से मिलाने के लिए कहा। चमरावल रोड व अहेड़ा फाटक पर मौलाना से मुलाकात कराई। मौलाना ने दो साल में अलग-अलग किस्तों में 19 लाख और अहेड़ा फाटक पर दस लाख रुपये व एक गाड़ी की ठगी कर ली। सोमवार को पीड़ित लोगों ने आरोपियों की शिकायत बागपत कोतवाली पुलिस से की। आरोप है पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर भगा दिया। शमशेर सिंह और वहीद आदि मौजूद रहे।
सीओ ओमपाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।