टेंट हाउस मालिकों ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों के लिए किराए पर लिए गद्दों का अभी तक तहसील प्रशासन द्वारा किराया अदा नहीं किया गया है। टेंट हाउस मालिकों ने मंगलवार को डीएम से मामले की शिकायत की। डीएम ने तहसीलदार को फटकार लगाई। एसडीएम को तत्काल समस्या का निदान कराने के निर्देश दिए।
लॉकडाऊन के दौरान हरियाणा, पंजाब, बिहार, हिमाचल प्रदेश के हजारों प्रवासी मजदूर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे से होते हुए पैदल ही परिवारों के साथ निकले थे। तभी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर खेकड़ा में इनके लिए बसों की व्यवस्था की गई थी। बसों की व्यवस्था होने तक इन्हें खेकड़ा स्थित लख्मीचंद पटवारी कालेज में बने अस्थाई आश्रय स्थल में ठहराया गया था। तहसील प्रशासन ने इन प्रवासी मजदूरों के लिए गद्दों को किराए पर मंगवाया था। आरोप है कि अभी तक इन गद्दों का किराया अदा नहीं किया गया है। मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में टेंट हाउस मालिकों ने डीएम राजकमल यादव से किराए पर दिए गद्दों का किराया दिलवाने की मांग की। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़ी नाराजगी की और तहसीलदार को फटकार लगाई। एसडीएम अजय कुमार को तत्काल किराया अदा कराकर समस्या का निदान कराने के निर्देश दिए।
बच्चा न पैदा होने पर महिला पर जानलेवा हमला
बागपत। रमाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम अमित कुमार को शिकायत करते हुए बताया कि उसकी शादी 11 मार्च 2012 को सोनीपत के कुंडली थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ हुई थी। उसे बच्चा पैदा नहीं हुआ। इसी को लेकर ससुराल वाले उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते है। उस पर जानलेवा हमला किया गया। वह अपनी जान बचाकर मायके पहुंची। आरोपी उसको लगातार धमकी दे रहे है। अधिकारियों ने रमाला थाने को जांच के आदेश दिए है।