सभी स्वास्थ्य कर्मी अपने ब्लॉक के कर्मियों को करेंगे प्रशिक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सीएमओ कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को मास्टर ट्रेनर डॉ अमित गुप्ता व डॉ विजय प्रताप सिंह ने ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधीक्षक एवं स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीनेशन का प्रशिक्षण दिया। अब ब्लॉक स्तरीय चिकित्साधिकारी अपने-अपने ब्लॉक के स्वास्थ्य कर्मी, आशा, आंगनबाड़ी आदि को प्रशिक्षित करेंगे।
14 व 15 दिसंबर को वीडियो कांफ्रेेंसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कोरोना वैक्सीन के रखरखाव और टीकाकरण का प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण में डॉ अमित गुप्ता और डॉ विजय प्रताप सिंह को मास्टर ट्रेनर नियुक्त किया गया था। दोनों को ब्लॉक स्तरीय स्टाफ को वैक्सीन संबंधी प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए थे। शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय के सभागार में मास्टर ट्रेनरों ने ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधीक्षक, बीपीएम, बीसीपीएम और कंप्यूटर ऑपरेटर व कोल्ड चेन हैंडर को प्रशिक्षण दिया। अब ब्लॉक स्तरीय चिकित्साधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने ब्लॉक की स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आदि को कोरोना वैक्सीन के रखरखाव और टीकाकरण के बारे में प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण में सीएमओ डॉ आरके टंडन, डीआईओ डॉ दीपा सिंह, डिप्टी डीआईओ डॉ संजीव साहू, डब्लूएचओ से डॉ राजेश बडगल, अभिषेक सिंह, संजय सिंह, अनुज श्रीवास्तव व सभी ब्लॉक के सीएचसी अधीक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर मौजूद रहे।
कोल्ड चेन कक्ष में शुरू हुई सीसीटीवी लगाने की तैयारी
बागपत। कोरोना वैक्सीन रखने व निगरानी के लिए शुक्रवार को कोल्ड चेन कक्ष में सीसीटीवी कैमरे व बिजली की नई वायरिंग लगाने का कार्य किया गया।