बिनौली। धनौरा सिल्वरनगर गांव में बुधवार रात विवाहिता सुमन कश्यप (38) का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर आए उसके भाई प्रमोद कश्यप ने ससुराल वालों पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया। साथ ही पति समेत तीन लोगों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
शामली जिले के भैंसवाल गांव निवासी प्रमोद कश्यप ने बताया कि 20 साल पहले उसकी बहन सुमन की शादी धनौरा सिल्वरनगर के अनिल कश्यप के साथ हुई थी। उसके दो बेटे मुदित और सफे हैं। बताया कि तीन महीने पहले उसकी बहन और दोनों बेटों की पिटाई करके घर से निकाल दिया था, तभी से उसकी बहन सुमन अपने दोनों बेटों के साथ मायके में रह रही थी। करीब एक महीने पहले उसकी बहन सुमन और उसके ससुराल वालों के बीच गणमान्य लोगों ने समझौता करा दिया। इस पर सुमन को उसके पति अनिल के साथ ससुराल भेज दिया, जबकि पिटाई के डर से दोनों बेटों ने घर जाने से मना कर दिया था।
बुधवार रात पड़ोसी ने उन्हें फोन करके सुमन की पिटाई करने और गला घोंटकर हत्या करने के बारे में बताया। वह अपने परिवार वालों के साथ धनौरा सिल्वरनगर गांव में आया तो सुमन मृत हालत में मिली। सूचना पर वहां आए पुलिसकर्मियों ने मामले की जांच शुरू की। इस मामले में जांच अधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत होने के सही कारणों का पता चलेगा। वहीं उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।