खेकड़ा। हसनपुर मसूरी गांव में प्रॉपर्टी के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बृहस्पतिवार को जेठ परविंदर ने छोटे भाई जयराम उर्फ बिजेंद्र की विधवा पत्नी गुंंजन उर्फ अंकिता (34) की सिर और सीने में गोलियां मारकर हत्या कर दी। करीब तीन घंटे बाद चौकीदार गंगाराम की सूचना पर आए पुलिसकर्मियों ने जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया है। पुलिस ने हत्यारोपी जेठ परविंदर को गिरफ्तार कर लिया।
हसनपुर मसूरी गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर जयराम उर्फ बिजेंद्र (34) की दिसंबर 2025 में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मंडौला से लौटते समय हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद से गुंजन उर्फ अंकिता घर में अकेली रहने लगी, उसका कोई बच्चा भी नहीं था। इस दाैरान अंकिता और उसके जेठ परविंदर में मकान, अन्य जमीन के बंटवारे का विवाद शुरू हो गया। अंकिता ने एक महीने पहले इसकी शिकायत पुलिस से करते हुए अपने हिस्से की प्रॉपर्टी दिलवाने की मांग की थी। महिला की शिकायत पर पुलिसकर्मियों ने उनके घर जाकर जेठ परविंदर से उसके हिस्से का कुछ घरेलू सामान दिलवा दिया, लेकिन परविंदर प्रॉपर्टी के बंटवारे को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद विवाद बढ़ गया। बंटवारे के विवाद में बृहस्पतिवार को परविंदर ने दोपहर करीब एक बजे सिर व सीने में गोलियां मारकर अंकिता की हत्या कर दी। पड़ोस की एक लड़की जब उनके घर पहुंची तो उसने शव देखकर लोगों को बताया। इस तरह तीन घंटे बाद पुलिस को घटना की जानकारी हुई। सीओ रोहन चौरसिया समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने माैके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
-पुलिस के पास चक्कर काटती रही अंकिता, बच सकती थी जान
बताया गया कि एक महीने पहले घरेलू सामान दिलाने के लिए आए पुलिसकर्मियों ने गैस चूल्हे समेत अन्य सामान अंकिता को दिला दिया। उस समय अंकिता ने बताया कि उसके हिस्से में डेढ़ बीघा जमीन, एक प्लाॅट और आधा मकान भी आता है। अपने हिस्से की प्रॉपर्टी का भी बंटवारा कराने की मांग की। इस पर परविंदर भड़क गया और उसने प्रॉपर्टी का बंटवारा करने से साफ इंकार कर दिया। अंकिता लगातार पुलिस चौकी और थाने में चक्कर लगा रही थी, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं कराया गया। इस दौरान अंकिता ने हत्या होने की आशंका भी जताई थी, मगर खेकड़ा थाना पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।
-रिश्तेदार ने कराई थी अंकिता की शादी
ग्रामीण संजय, विकास आदि ने बताया कि अंकिता के परिवार में माता-पिता भी नहीं थे, उनकी पहले ही मौत हो गई थी। पालन पोषण दिल्ली के बुराड़ी निवासी एक रिश्तेदार ने किया। तीन साल पहले रिश्तेदार ने अंकिता की शादी जयराम से कराई थी। शादी के तीन साल बाद भी बच्चा नहीं हुआ। जयराम की मौत होने के बाद उसके बड़े भाई परविंदर को लालच आ गया था।
वर्जन-
प्रॉपर्टी के बंटवारे के विवाद में हसनपुर मसूरी में जेठ ने महिला की हत्या की है। आरोपी जेठ परविंदर को हत्या में प्रयुक्त तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया, उससे पूछताछ की जा रही है। -प्रवीण कुमार चौहान, एएसपी।