खत्री गढ़ी में किराये पर रहकर कोचिंग करती थी लुहारी निवासी विवाहिता
भाई ने दहेज हत्या के आरोप में कराया मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। खत्री गढ़ी मोहल्ले में बृहस्पतिवार की रात एक विवाहिता का दीवार की खिड़की में फांसी पर लटका शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। विवाहिता मूल रूप रूप से लुहारी गांव की रहने वाली थी और खत्री गढ़ी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में मृतका के भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
मृतका प्रीति (31) पुत्री स्वर्गीय सत्यपाल लुहारी गांव की रहने वाली थी। वह नगर के खत्री गढ़ी मोहल्ले में अपनी छोटी बहन के साथ किराये पर रहकर तीन वर्ष से कोचिंग कर रही थी। बृहस्पतिवार की रात प्रीति का दीवार की खिड़की में फांसी लटका शव मिलने से अन्य किरायेदारों में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसएसआई धुरेंद्र सिंह, महिला सब इंस्पेक्टर रूबी सिंह, एसआई नेपाल सिंह आदि मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पर प्रीति की मां बिमलेश, भाई रवि व आकाश के अलावा जिला पंचायत सदस्य अनुज दांगी, ग्राम प्रधान सुधीर भी मौके पर पहुंच गए।
मां बिमलेश ने पुलिस को बताया कि पांच साल पहले प्रीति ने खामपुर गांव के संदीप से कोर्ट मैरिज शादी की थी। संदीप नौसेना में नौकरी करता है और उसकी तैनाती विशाखापट्टनम में है। वह उसकी बेटी पर दहेज लाने के लिए दबाव बनाता था और दहेज न लाने पर मारपीट और प्रताड़ित भी करता था। संदीप छुट्टी पर आया हुआ है। आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार की रात संदीप ने अपने परिजन के साथ मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर दी और आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को खिड़की में रस्सी बांधकर लटका दिया। इंस्पेक्टर अजय शर्मा ने बताया कि प्रीति के भाई रवि ने संदीप व कुलदीप पुत्रगण विजयपाल निवासी खामपुर, संदीप की मां व बहन के खिलाफ दहेज हत्या में आरोप मेें मामला दर्ज कराया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कोर्ट मैरिज की थी
बड़ौत। इंस्पेक्टर के मुताबिक प्रीति ने संदीप के साथ कोर्ट मैरिज की थी। दोनों परिवार के लोग इससे नाखुश थे। इस मामले में पंचायत भी हुई थी। इसके बाद संदीप प्रीति को लेकर खत्री गढ़ी में रहने लगा था।
संदीप करने जा रहा था दूसरी शादी
बड़ौत। मां बिमलेश ने आरोप लगाया कि नवंबर माह में संदीप का दूसरी जगह रिश्ता तय हो गया था। सूचना पर प्रीति खामपुर पहुंच गई थी और रिश्ता तुड़वा दिया था।