नवादा में विवाहिता की दहेज के लिए हत्या
बालैनी (बागपत)। बालैनी थाना क्षेत्र के नवादा गांव में विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका के पिता ने पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी मनीष मिश्रा का कहना है कि प्रकरण की जांच शुरू करा दी गई है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
हाथरस जिले के सिकंदराव निवासी रामवीर सिंह ने बताया कि साल 2014 में उनकी बेटी सीमा की शादी बालैनी के नवादा गांव निवासी सुमित पुत्र ईश्वर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बेटी को सास और पति दहेज के लिए मारपीट करते थे। काफी दिनों से वह 20 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। इस पर आरोपियों ने सीमा की पिटाई की और उसे गंभीर हालत में घर पर छोड़कर भाग गए। मंगलवार की सुबह उन्हें सूचना मिली तो वह नवादा पहुंचे और अपनी बेटी को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर शाम उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर पति सुमित और सास संतोष देवी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।