बड़ौत कोतवाली में प्रदर्शन कर रहे मृतका के परिजनो को समझाते पुलिसकर्मी
- फोटो : BARAUT
मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज के लिए हत्या करने का आरोप
भाई की तहरीर पर पति, ससुर, सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। कश्यप चौपाल में बुधवार की सुबह विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियाें में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के परिजनों ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न करने पर फांसी लगाकर हत्या करने आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया। उनकी पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। इंस्पेक्टर ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कहते हुए मामला शांत किया। इस मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर पति, ससुर, सास सहित अन्य कई लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा किया गया है।
जनपद गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के ऋषि मार्केट निवासी बोबी पुत्र रामकुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन सोनिया (22) की शादी 14 मई 2021 को बड़ौत नगर की कश्यप चौपाल के रहने वाले श्रवण के बेटे अनुज से हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक सबकुछ ठीक-ठाक चलता रहा, लेकिन इसके बाद दहेज के लिए सोनिया को प्रताड़ित किया जाने लगा। बुधवार की सुबह उसने जीजा अनुज से फोन कर सोनिया से बात कराने के लिए कहा। जीजा ने सोनिया के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी। इस पर परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में मायके वाले बड़ौत पहुंचे। आरोप है कि सोनिया के ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की। इस पर मायके वाले कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेेकर प्रदर्शन किया। उनकी पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि मृतका सोनिया के भाई बोबी की तहरीर पर पति अनुज, ससुर, सास सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।