बागपत के कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला ने खट्टा प्रहलादपुर गांव के युवक पर धोखे से धर्मांतरण कराकर निकाह करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया है कि कामिल की जगह कपिल नाम बताकर शादी की। फिर उस पर नमाज पढ़ने और प्रतिबंधित जानवर का मीट खाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट की गई।
वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग आई। इसके बाद महिला थाने में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो उसने डीएम कार्यालय में शिकायत की। डीएम के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि वर्ष 2013 में उसके व्हाट्सएप पर एक अंजान नंबर से मिस कॉल आई थी। वापस कॉल करने पर सामने वाले ने अपना नाम कपिल पुत्र लाला खट्टा प्रहलादपुर बताया। इसके बाद दोनों में बात होती रही और दोस्ती हो गई। दिसंबर 2013 में दोनों ने शादी कर ली। कई दिन तक उसे मेरठ में बड़े लाड़-प्यार से रखा गया। उसका करीब तीन वर्ष का बेटा भी है। दो वर्ष पूर्व उसे पता चला कि कपिल का असली नाम कामिल पुत्र रहीमुद्दीन है। जब नाम झूठा बताने का कारण पूछा तो कामिल ने बताया कि उसका नाम भी बदलकर राबिया रख दिया है। इसी नाम से आधार कार्ड भी बनवा लिया है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए गए। नमाज पढ़ने और मीट खाने का दबाव बनाया जाने लगा। मारपीट कर उसे भूखा-प्यासा रखा जाने लगा। यही नहीं ईद के दिन उसे प्रतिबंधित जानवर का मीट खाने को मजबूर किया गया।
महिला का आरोप है कि कामिल ने उसे बताया कि वह एक संगठन से जुड़ा हुआ हूं, जिसका लक्ष्य हिंदू लड़कियों को बहला-फुसलाकर धोखे से शादी करना व अधिक से अधिक बच्चे पैदा करने का है। सात जून को कामिल और उसके परिवार वालों ने उसकी हत्या करने का प्रयास किया। किसी तरह वह बेटे को साथ लेकर बागपत पहुंची और महिला थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। महिला का कहना है कि वह अब हिंदू धर्म वापस अपनाएगी।
इंस्पेक्टर कोतवाली ने बताया कि डीएम के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेज दिया गया है। उसके परिवार वालों को तलाश किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में कोई और व्यक्ति या संगठन भी दोषी मिलेगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।