संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/बड़ौत। अक्षय तृतीया और ईद को लेकर सोमवार को बाजार गुलजार रहे। देर शाम तक लोग खरीदारी करते रहे। कोरोना की वजह से दो साल पाबंदी रहने के बाद इस बार त्योहारों को पहले की तरह मनाने की छूट मिली है। इसका असर बाजारों में दिखा है। इसके चलते करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये का व्यापार हुआ है।
इस बार अक्षय तृतीया और ईद मंगलवार को हैं। अक्षय तृतीया पर जहां आभूषणों की खरीदारी शुभ होती है। वहीं, ईद पर लोग एक माह रमजान के बाद कमाई का एक हिस्सा जकात (दान) करते हैं। इसके साथ ही दो साल तक कोरोना के कारण दोनों त्योहारों पर काफी पाबंदियां रहीं। लोग त्योहारों को सीमित तरीके से मनाते रहे। इस बार त्योहार पर कोई पाबंदी नहीं है। इसके चलते अक्षय तृतीया के कारण सोमवार को लोग सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, सिक्के आदि खरीदते रहे। वहीं, ईद पर कपड़ों से लेकर खाद्य सामग्री और जूते-चप्पलों की जमकर खरीदारी की। व्यापारियों के अनुसार सोमवार को करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। इससे व्यापारियों के चेहरे खिले हैं।
सोने व चांदी के साथ हीरे के आभूषण भी कर रहे पसंद
यहां करीब 150 सराफा की दुकानें हैं। सोमवार को करीब दो करोड़ रुपये की खरीदारी हुई है। अक्षय तृतीया पर भी आभूषण खरीदे जाने की उम्मीद है। बागपत के सराफ कमल वर्मा ने बताया कि इस बार पिछले दो साल के मुकाबले लोग ज्यादा उत्साहित हैं। इससे अक्षय तृतीया बेहतर होने की उम्मीद है। बड़ौत के सराफ प्रभात जैन ने बताया कि ग्राहक इस बार सोने-चांदी के साथ हीरे के आभूषण भी पंसद कर रहे हैं। शादियों के लिए राजकोट, कलकत्ता, मुंबई की बनी ज्वेलरी खूब बिक रही हैं। सराफ सौरभ जैन ने बताया कि दो साल से लोग अक्षय तृतीया पर खरीदारी नहीं कर पाए थे।
ईद पर अच्छा हुआ व्यापार
व्यापारी ललित ने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा इस बार व्यापार अच्छा है। ईद के मौके सिवईं, मेवा, शर्बत, फालूदा, सत्तु ज्यादा बिक रहा है। इसके साथ ही लोग उपहार में देने के लिए मेवा और चॉकलेट की बास्केट खरीद रहे हैं। अक्षय तृतीया पर अन्न दान का महत्व है। इसके चलते लोग जौ, चावल खरीद रहे हैं।
कपड़े भी खूब खरीदे
कपड़ा व्यापारी अनुज जैन ने बताया कि अक्षय तृतीय व ईद को लेकर लोग बच्चों के लिए खरीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं। कारोबार अच्छा रहा। लगभग एक करोड़ का कारोबार हुआ है। ईद पर मुस्लिम महिलाओं ने भी खूब खरीददारी की है।
बागपत की शौकत मार्किट में ईद की नमाज के लिए टोपी पंसद करते नमाजी- फोटो : BAGHPAT