संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नोएडा की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी की प्रबंधक ने कैब चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रबंधक ने चालक पर छेड़छाड़, धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी और अपहरण का प्रयास करने का आरोप लगाया है। सोमवार को उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उन्हें कोतवाली भेजा गया।
कानपुर की रहने वाली युवती सोमवार को बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आई थी। वहां से वापस नोएडा जाने के लिए रिश्तेदार ने एक टैक्सी बुक की थी। टैक्सी में बैठते ही चालक ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने तुरंत इसका विरोध किया। उसने अपने रिश्तेदार को फोन पर घटना की जानकारी दी। आरोप है कि टैक्सी चालक ने युवती के रिश्तेदार के साथ भी गाली-गलौज की। इसके बाद चालक करीब 20 मिनट तक गाड़ी को इधर-उधर घुमाता रहा। युवती ने चालक पर अपहरण का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक्स पर शिकायत दर्ज होने के बाद युवती को कोतवाली बुलाया गया है। पुलिस तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मामले की गहन जांच की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।