चार आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा
एक जून को आटा चक्की के विवाद में की गई थी शेखर की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला (बागपत)। पुलिस ने बासौली के शेखर हत्याकांड के मुख्य आरोपी को सूप रोड से तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को ही पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी हेमेंद्र बालियान ने बताया कि एक जून को बासौली गांव में आटा चक्की के विवाद में शेखर कश्यप की हत्या कर दी गई थी। इसी दौरान आरोपी रचित निवासी सूप व सचिन निवासी दोघट को लोगों ने पीट-पीट कर मार दिया था। शेखर के पिता पदम कश्यप ने नौ लोगों को नामजद और 22 अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने शेखर हत्याकांड के चार आरोपियों को शनिवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रविवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी निशांत पुत्र राजबीर निवासी बासौली को सूप रोड नहर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस और एक डंडा भी बरामद किया है। रविवार को पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र निवासी दोघट ने भी सात लोग नामजद व 19 अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।