बागपत। फेसबुक पर शुरू हुई दोस्ती के बाद 17 जून को बड़ौत निवासी एक किशोर बिहार की युवती के साथ फरार हो गया। जिसको पुलिस ने प्रेमिका के साथ बरामद कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों को बाल संरक्षण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। दोनों का मेडिकल कराकर आयु के साक्ष्य उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बाल संरक्षण समिति के अध्यक्ष राजीव यादव ने बताया कि 17 जून को बड़ौत का किशोर घर से फरार हो गया था। पुलिस ने शुक्रवार को किशोर को एक युवती के साथ बड़ौत से बरामद कर समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। काउंसिलिंग में किशोर ने बताया कि तीन माह पहले उसकी बिहार की युवती के साथ फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। उसके कहने पर 17 जून को युवती बिहार से बड़ौत पहुंची और यहां से दोनों अहमदाबाद चले गए। अहमदाबाद से भिवानी और दिल्ली के बाद शुक्रवार को बड़ौत पहुंचे। दोनों एक-दूसरे के साथ रहना चाहते है। आयु का साक्ष्य प्रस्तुत न होने पर पुलिस ने मेडिकल कराकर आयु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आयु प्रमाण पत्र मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।