बागपत। ई-रिक्शा जब्त होने से रोजगार छिनने के बाद घर में विवाद हुआ तो आरएसएस के नगर विद्यार्थी प्रमुख रजत उपाध्याय के चाचा रविंद्र (34) ने शनिवार रात जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
शहर के बड़ौत मार्ग पर रहने वाले आरएसएस के नगर विद्यार्थी प्रमुख रजत उपाध्याय ने बताया कि उसके चाचा रविंद्र ने डेढ़ साल पहले ई-रिक्शा खरीदी थी। वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे थे। दो सप्ताह पहले रविंद्र अपनी ई-रिक्शा लेकर जा रहे थे, तभी राष्ट्र वंदना चौक पर चेकिंग कर रहे एआरटीओ ने रजिस्ट्रेशन नहीं होने पर उनकी ई-रिक्शा जब्त कर ली। ई-रिक्शा जब्त करने के बाद रविंद्र बेरोजगार हो गए।
घर का खर्चा नहीं चलने की वजह से अपनी पत्नी नीलम के साथ एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। वहां पर अधिकारियों से मुलाकात की, लेकिन ई-रिक्शा नहीं छोड़ी गई। घर आने के बाद रविंद्र ने अपनी पत्नी से ई-रिक्शा छुड़ाने के लिए कुछ रुपये मांगे तो उनके बीच विवाद हो गया। शनिवार शाम भी इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद रविंद्र ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है, इसमें तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।