डॉक्टर के परिवार को बंधक बनाकर साढ़े तीन लाख की लूट
छपरौली (बागपत)। नकाबपोश दो बदमाशों ने मंगलवार रात कस्बा निवासी डॉक्टर के परिवार को बंधक बनाकर 1.10 लाख रुपये की नगदी और ढाई लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण लूट लिए। विरोध करने पर परिवार के लोगों को गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने बुधवार सुबह थाने पहुंचकर वारदात की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
छपरौली में यमुना रोड निवासी निजी चिकित्सक शाबाज ने बताया कि मंगलवार रात वह मकान की पहली मंजिल पर पत्नी और बच्चों के साथ सो रहे थे। रात करीब 12 बजे खिड़की तोड़कर दो नकाबपोश बदमाश मकान के अंदर घुस आए। उन्होंने परिवार के सदस्यों को जगाया और तमंचे दिखाकर बच्चों को भी धमकाया। बदमाशों ने पूरे परिवार के हाथ-पैर बांधकर एक ओर डाल दिया। इसके बाद घर में रखी 1.10 की नगदी और छह तौले सोना लूट लिया। अन्य कीमती सामान भी समेट लिया। शोर मचाने या पुलिस को बताने पर गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश फरार हो गए। शाबाज का कहना है कि रात में ही उसने मोहल्ले के लोगों को लूट की जानकारी दी। बुधवार सुबह वह थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। बदमाशों की धमकी से पूरा परिवार सहमा हुआ है। इस संबंध में इंस्पेक्टर दिनेश कुमार चिकारा का कहना था कि मामले की जांच की जा रही है। मौका मुआयना भी किया है। जल्द खुलासा किया जाएगा।