बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी के मीतली गांव के कृपाल सिंह के मकान के दरवाजे पर खत चिपका मिला। इसमें लिखा है अपने बेटे प्रशांत से कह देना मुनीम (पड़ोसी युवक) से बोलना छोड़ दे, वरना उसका अपहरण कर लिया जाएगा, इसका अंजाम बुरा होगा। पीड़ितों ने कहा शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे पूरा परिवार भयभीत है।
मीतली गांव के कृपाल सिंह कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी में कपड़े की दुकान पर काम करते हैं। उन्होंने बताया चार मई को सुबह उनके मकान के मुख्य गेट पर खत चिपका मिला था। इसमें लिखा अपने बेटे प्रशांत को सुरक्षित चाहता है तो प्रशांत से कह देना मुनीम से न बोले। प्रशांत की सहीं सलामती के लिए मुनीम से बोलना छोड़ना होगा। वरना प्रशांत का किडनैप कर लिया जाएगा। खत में प्रशांत के स्कूल तक का नाम लिखा है। खत के माध्यम से धमकी दी आपके पास दो दिन का समय है।
कृपाल सिंह ने बताया मुनीम नाम का युवक पड़ोस में रहता है। यह खत किसने और क्यों चिपकाया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उनकी किसी से रंजिश भी नहीं है। उनका बेटा प्रशांत कक्षा नौ में पढ़ता है। खत मिलते ही पुलिस को इसकी जानकारी दी,लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। इससे पूरा परिवार काफी भयभीत है। उन्होंने कहा इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से होगी।
उधर, अग्रवाल मंडी टटीरी के चौकी प्रभारी नाहर सिंह ने बताया मामले की जांच चल रही है। दूसरी तरफ कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने मामले की जानकारी होने से इंकार किया है।