रमाला थाने में लोगो की समस्या सुनती डीएम व एसपी प्रताप गोपेन्द्र यादव
- फोटो : BAGHPAT
बिना बस्ते पान चबाते हुए पहुंचे लेखपाल, नोटिस जारी
रमाला (बागपत)। थाने में समाधान दिवस पर डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। डीएम ने असारा के लेखपाल को बिना बस्ते और पान चबाते हुए पहुंचने पर अनुशासनहीनता में नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में डीएम ने कहा कि तालाबों पर अवैध कब्जे करने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। तालाबों पर हो रहे अवैध निर्माण कार्य को रोका जाए। कब्जा करने वालों को नोटिस दिए जाएं। समाधान दिवस में असारा के लेखपाल सुनील गुप्ता मुंह में पान चबाकर बिना बस्ते के पहुंचे तो डीएम ने तहसीलदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा लेखपाल अपने कार्य क्षेत्र में बस्ता साथ लेकर घूमेंगे। दोनों अधिकारियों ने गुंडा अधिनियम, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अत्याचार निवारण, महिला अपराध, थाना समाधान दिवस आदि रजिस्टर का अवलोकन किया। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने थानाध्यक्ष महिपाल सिंह को निर्देशित किया कि परंपरागत त्यौहारों के कार्यक्रमों की अनुमति दी जाए। त्यौहारों के अवसर पर स्कूल-कालेज के बाहर गश्त करें। इस मौके पर एसडीएम बड़ौत गुलशन कुमार, सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाह, तहसीलदार एवं समस्त लेखपाल उपस्थित रहे।