बागपत। हिमाचल की क्यूएफएक्स कंपनी में निवेश कराने वाले कई एजेंट बिनौली और रटौल के रहने वाले है। कंपनी में लाखों की रकम निवेश करके यहां के निवेशक भी फंस गए हैं। उधर, ईडी की कार्रवाई होने के बाद धीरे-धीरे एजेंटों और निवेशकों के नाम सामने आने लगे हैं।
हिमाचल की क्यूएफएक्स कंपनी में निवेशक हजारों लोगों की रकम निवेश कराकर 210 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में ईडी ने मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत के पलड़ा गांव में छापामारी की थी। इसके बाद लविश ने अपनी कंपनी का नाम बदल दिया, जिसे गूगल पर ब्लाक कर दिया गया।
ईडी की छापामारी के बाद से भूमिगत हुए एजेंट बचाव के रास्ते तलाशने में जुट गए हैं। यह भी पता चला कि दुबई में छिपे लविश के कई करीबी बिनौली गांव में रहने वाले हैं, जो उसके एजेंट बनकर क्षेत्र के लोगों की रकम निवेश कराकर खुद करोड़पति बन गए। इसके अलावा रटौल में भी कई एजेंट हैं। ईडी की कार्रवाई के बाद से बिनौली और रटौल के एजेंट भी भूमिगत हो गए हैं। हालांकि ठगी के मामले में पुलिस तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है, जिससे एजेंटों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सके।