बड़ौत। सोनभद्र जाने के लिए प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था न होने से नाराज मजदूरों ने बुधवार को बिजरौल रोड पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मजदूरों को शांत किया और उन्हेें जल्द ही उनके घर भिजवाने का आश्वासन दिया।
मजदूरों का कहना था कि वे लोग दो वर्षो से तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में गन्ना छीलने सहित कई तरह की मजदूरी करते है। अब हम घर जाना चाहते है, लेकिन लॉकडाउन में न तो हमारे खाने की कोई व्यवस्था हो रही है और न ही घर जाने की। तहसील पर पहुंचकर शिकायत की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित मजदूरों ने बिजरौल रोड पर एकत्रित होकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जल्द से जल्द घर भिजवाने का आश्वासन दिया। एसडीएम दुर्गेश मिश्रा का कहना था कि जल्द ही सभी मजदूरों की स्कैनिंग कराकर उन्हें घर भिजवाने की व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर रामू, शेखर, आजाद, हरेंद्र, कल्लू, राजकुमार, भोपाल, इंद्र, सुनील, संजय शामिल रहे।