संवाद न्यूज एजेंसी
रटौल। कस्बे में बृहस्पतिवार दोपहर मरकज मस्जिद के पास एक मजदूर का मकान भरभराकर गिर गया। यह घटना पड़ोसी के मकान की नींव की खुदाई के दौरान हुई। मकान ढहने से अंदर रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
मकान मजदूर सिराज का बताया जा रहा है। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य बराबर वाले मकान में मौजूद थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। रटौल कस्बा निवासी रियाज ने बताया कि उनके मकान के बराबर में पड़ोसी अपना मकान बनाने के लिए नींव की खुदाई करा रहे थे। बृहस्पतिवार दोपहर जब नींव की खुदाई चल रही थी, तभी अचानक सिराज का मकान भरभराकर गिर गया। मलबे के नीचे दबने से बेड, संदूक, चारपाई, अलमारी, कूलर, पंखा, वॉशिंग मशीन, फ्रिज और बर्तन समेत अन्य कीमती सामान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।