42 हजार किसान कर रहे पहली किस्त का इंतजार
बागपत। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पाने के लिए किसानों को पापड़ बेलने पड़ रहे हैं। आवेदन के दौरान जिन किसानों ने संयुक्त बैंक खाते की डिटेल धनराशि जमा करने के लिए दी थी, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। उनकी किस्त रोक दी गई है। अब तक 1.30 लाख किसानों ने आवेदन किया है, लेकिन 87242 किसानों को ही पहली किस्त मिली है। 42758 किसान अभी भी इंतजार कर रहे हैं।
किसान रोजाना अपने बैंक खातों को दुरुस्त कराने के लिए चक्कर काट रहे हैं। कृषि उप निदेशक कार्यालय में रोजाना किसानों की भीड़ लगती है। सबसे बड़ी समस्या संयुक्त बैंक खातों को लेकर आ रही है। उप कृषि निदेशक प्रशांत कुमार का कहना है कि तेजी से किसानों का संशोधित डाटा फीड कराया जा रहा है। अधिकतर किसानों के बैंक खाते, आधार और अन्य प्रमाण पत्रों में नाम मिसमैच होने के कारण समस्या बन रही है। अब तक पहली किस्त का लाभ 87242 किसानों को मिला है। इन किसानों के प्रमाणपत्र सही हैं। विभाग अब द्वितीय, तृतीय और चौथी किश्त का आंकड़ा बराबर करने की योजना पर काम कर रहा है।
सम्मान निधि की राशि
प्रथम किस्त 87242
द्वितीय किस्त 75062
तृतीय किस्त 68777
चतुर्थ किस्त 33990
किसान बोले, एक साल से काट रहे चक्कर
लूंब गांव के किसान ब्रह्म सिंह ने बताया कि सही प्रमाणपत्र जमा करा दिए थे, लेकिन अभी तक पहली किस्त भी नहीं मिली है। इस्लामपुर खेड़ा गांव की किसान सरला देवी ने कहा कि सभी प्रमाण पत्र जमा कराए हैं, लेकिन पहली किस्त नहीं दी गई है।
आधार का पेंच दूर करने में जुटी टीम
कृषि विभाग की टीम आधार कार्ड की फोटो कॉपी जमा करा रही है, ताकि किसानों का सही डाटा मैच हो सके। नाम में गड़बड़ी के कारण किसानों को परेशानी हुई है।
खुद डाटा दुरुस्त करें किसान
किसान अपना डाटा खुद भी विभाग की वेबसाइट पर जाकर दुरुस्त कर सकते हैं। आधार सही फीड करने से समस्या का निदान हो जाएगा।
- प्रशांत कुमार, कृषि उपनिदेशक