किसान की हत्या के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करते सीओ।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत के कासिमपुर खेडी गांव में एक किसान की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसका शव खेत पर नलकूप के कमरे में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान के बडे़ भाई ने गांव के ही एक युवक को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव निवासी प्रवीण (30) पुत्र चंद्रपाल का शव बुधवार की सुबह खेत में स्थित नलकूप के कमरे में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि प्रवीण अविवाहित था और खेत स्थित अपने नलकूप पर ही रहता था। रात भी नलकूप पर ही सोया हुआ था।
सूचना पर सीओ सीपी सिंह और थाना प्रभारी सतीश चंद मौके पर पहुंचे और प्रवीण के कपड़ों की तलाश ली। जेब से एक 12 बोर का कारतूस, एक सल्फास की डिबिया मिली। उसके गले पर खरोच के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ ने बताया कि दो दिन पूर्व उसका गांव के ही बिल्लू पुत्र रामपाल से झगड़ा हुआ था।
इसी दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी आधार पर प्रवीण के बडे़ भाई लोकेंद्र ने बिल्लू को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण भी स्पष्ट होगी। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।