शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के ऐतिहासिक गांव सोरम में रविवार से आयोजित होने वाली तीन दिवसीय सर्वजातीय सर्वखाप महापंचायत की तैयारियां पूरी हो गई हैं। बालियान खाप के मुखिया चौधरी नरेश टिकैत और सर्वखाप मंत्री चौधरी सुभाष बालियान ने बताया कि महापंचायत ऐतिहासिक होगी। आसपास के प्रदेशों से भी लोग हिस्सा लेने आएंगे। जनपद के अलावा हरियाणा के गायक रागिनी का कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। खाप चौधरियों व अन्य अतिथियों के रुकने के लिए महापंचायत स्थल के पास वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में व्यवस्था की गई है। इसके अलावा गांव में भी प्रत्येक घर अतिथियों व महापंचायत में आने वाले लोगों का मेजबान बनेगा।
शनिवार को सर्वखाप मंत्री चौधरी सुभाष बालियान ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि गांव में आयोजित होने वाली महापंचायत सभी जाति व धर्म की महापंचायत है। सभी को आपसी वैचारिक मतभेद बुलाकर महापंचायत में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी खाप चौधरी समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने को लेकर प्रयासरत है । महापंचायत में सभी खाप चौधरियों को शामिल होकर समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने में अपना योगदान देना चाहिए ।
-
बहन-बेटियां भी बनें महापंचायत का हिस्सा : टिकैत
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि महापंचायत समाज हित के महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए जानी जाएगी। उन्होंने गांव सोरम सहित आसपास के गांव की बहन बेटियों से अपील की है कि वह चाहे दूर-दराज अपने ससुराल में रहती हों, मायके आकर इस ऐतिहासिक पंचायत का हिस्सा बनें। खाप चौधरी समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने के साथ समाज के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम फैसला लेंगे, जो आने वाले समय में बड़ा बदलाव लाएंगे ।
विधायक ने देखी सर्वखाप पंचायत की व्यवस्था
रालोद विधानमंडल दल के नेता व क्षेत्रीय विधायक राजपाल सिंह बालियान, पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह, जनपद जाट महासभा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने भी महापंचायत स्थल पर पहुंचकर तैयारी का जायजा लिया। महापंचायत स्थल पर अतिथियों के लिए भोज की व्यवस्था की जिम्मेदारी गांव गोयला निवासी चौधरी सुभाष बालियान को दी गई है। इसके अलावा पुरकाजी चेयरमैन जहीर फारुकी ने जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए पूरे महापंचायत स्थल को सीसीटीवी कैमरों से लैस कराया गया है । महापंचायत की व्यवस्था बनाने में मास्टर रामपाल सिंह , विकास बालियान , बबलू बालियान , बालेंद्र बालियान , इतिहासकार अमित कुमार आदि सहित दर्जनों ग्रामीण लगे हुए हैं ।