बागपत। खाप चौधरियों ने कई मुकदमों में गलत नामजदगी कर फंसाने का आरोप लगाकर एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके अलावा भी कई मांग रखी गई। इस पर एसपी सूरज कुमार राय ने निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया।
भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह, 84 खाप चौधरी सुभाष चौधरी, थांबा चौधरी यशपाल सिंह बिजरौल समेत अन्य ने कहा कि विकास भवन में आयोजित किसान दिवस में हुए झगड़े में राजेंद्र चौधरी निवासी दोघट को गलत नामजद किया गया। जबकि घटना के समय वह जिले में नहीं थे।
घटना की जानकारी होने पर विकास भवन पहुंचे थे। इसके अलावा एक माह से अधिक समय से लापता सिंघावली अहीर क्षेत्र से ब्राह्मण समाज की किशोरी को बरामद कराने की मांग की। इसके अलावा दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की घटना में फैक्टरी मालिक की भूमिका का पता लगाने और एक आरोपी अमन का नाम निकालने की पैरवी की।
इसके अलावा खड़खड़ी गांव में ईद पर हुए झगड़े में पूर्व प्रधान गय्यूर पक्ष की महिलाओं को गलत फंसाने का आरोप लगाया। खाप चौधरियों ने बेगुनाहों को जेल न भेजने की मांग की। इस दौरान धनकड़ खाप के चौधरी ओमपाल, देवेंद्र चौधरी, राजीव प्रधान तमेलागढ़ी, अब्बास चौधरी दोघट समेत अन्य मौजूद रहे।