यूपी के बागपत में प्राचीन श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में ज्यांर्तिलिंग पर जलाभिषेक करने का विशेष महत्व माना जाता है। इस मंदिर परिसर में बुधवार सुबह से तीन दिवसीय कांवड़ मेला शुरू हो चुका है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर यहां कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। पुलिस-प्रशासन ने मेला क्षेत्र को छह जोन और 12 सेक्टर में बांटा हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, पीएसी, आरएएफ और एटीएस ने पुरा गांव में डेरा डाल लिया है।
पुरा गांव के ऐतिहासिक मंदिर पर आठ से 10 अगस्त तक कांवड़ मेले लगेगा। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार और मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम बागपत विवेक कुमार यादव ने बताया कि मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कांवड़ मार्गों की सुरक्षा और निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। जलाभिषेक के लिए मंदिर में प्रवेश और निकासी प्वाइंट पर चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। कांवड़िए यहां पहुंचने शुरू हो गए हैं। पुजारी जयभगवान शर्मा ने बताया कि शिवरात्रि के लिए नौ अगस्त की रात 10 बजकर 44 मिनट पर जलाभिषेक का शुभ मुहुर्त शुरू होगा। इससे पहले साढे़ नौ बजे से झंडा पूजन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा की खास प्रबंध किए गए हैं।