बागपत के बड़ागांव के त्रिलोक तीर्थ धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बस की ढ़िकौली-बंथला मार्ग पर ओगटी गांव के पास गन्ने से भरे ट्रक से टक्कर हो गई। इससे वहां हड़कंप मच गया। हादसे में 14 श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस और लोगों ने मिलकर घायलों का अस्पताल में इलाज कराया।
फिरोजाबाद शहर से शुक्रवार शाम बड़ागांव के त्रिलोक तीर्थ धाम के लिए श्रद्धालु बस में सवार होकर आ रहे थे। जैसे ही बस ओगटी मोड़ पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे गन्ने से भरे ट्रक की बस से टक्कर हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में श्रद्धालु उर्मिला जैन, आशा, सुशीला, साधना, गरिमा, मीनाक्षी, दीप्ति सिंह, मंजू, मनोज हिमांशु, अभिषेक, सौरभ, रजत जैन, पवन जैन घायल हो गए। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने घायलों को बस से निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों वाहनों को हटवाया। इस हादसे के कारण मार्ग पर काफी समय तक जाम की स्थिति बनी रही।
ड्राइवर के मोबाइल इस्तेमाल करने से हुआ हादसा
बागपत। श्रद्धालुओं के अनुसार चालक बस चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था। इसी कारण सामने से आ रहे ट्रक को चालक नहीं बचा सका और हादसा हो गया।
हादसे में दो घायल
बालैनी। सिंघावली अहीर बिजली के पास बाइक और ट्रक की टक्कर हो गई, इसमें अमजद पुत्र रहमु और निसार पुत्र हाकम अली निवासी दौलतपुर घायल हो गए। घायल को नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।