जौहड़ी में किशोरी के परिजनों से बातचीत करते सुधाकर कश्यप।
- फोटो : amarujala
बागपत के बड़ौत के जौहड़ी गांव से अगवा किशोरी का अभी तक पता नहीं चला। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में सपा के प्रदेश सचिव और अखिल भारतीय कश्यप निषाद युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधाकर सिंह कश्यप शनिवार को गांव जौहड़ी में पहुंचे और पीड़ित परिवार से वार्ता की और उन्हें अगवा बेटी की शीघ्र बरामदगी कराने और समस्याएं हल कराने का आश्वासन दिया ।
सपा के प्रदेश सचिव को पीड़ित परिवार के लोगों ने बताया उनकी आर्थिक स्थिति खराब है। उन पर मकान तक नहीं है और न ही राशन कार्ड है। उन्होंने डीएम से बात कर पीड़ित परिवार की समस्याएं प्राथमिकता से हल कराने को कहा। उन्होंने किशोरी की मां से भी वार्ता की। उन्होंने एसपी से भी किशोरी को शीघ्र बरामद कराने को कहा। एसपी ने सपा नेता को बताया किशोरी को बरामद करने के लिए एसओजी टीम लगा दी है और शीघ्र ही किशोरी को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सपा नेता को ग्रामवासियों ने बताया गांव में तनाव की कोई स्थिति नहीं है और सभी लोग घटना से दु:खी है।
इस दौरान सपा के प्रदेश सचिव सुधाकर सिंह कश्यप ने कहा बीजेपी से जुड़े लोग फजूल की बयानबाजी कर गांव में सांप्रदायिक तनाव बनाने का काम कर रहे हैं। उन्हें पीड़ितों से कोई मतलब नहीं है वे वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। जौहड़ी में पलायन जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने गांव के लोगों को आपसी तालमेल कर काम करने की बात कही।
इस मौके पर अखिल भारतीय कश्यप निषाद युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वेदपाल कश्यप, उपाध्यक्ष सुभाष कश्यप, श्रीओम कश्यप, सतबीर, पूर्व प्रधान बलजीत सिंह, बबलू कश्यप आदि उपस्थित रहे। उधर, प्रशासन ने गांव में पुलिस कर्मी तैनात किए हैं। पुलिस कर्मी गांव में गश्त कर रहे हैं। ग्रामीण पुलिस कर्मियों की मदद से बाहरी लोगों को गांव में घुसने नहीं दे रहे हैं।