-ठेकेदार पर लगाया मानक अनुरूप सफाई न करने का आरोप, कार्रवाई की मांग
बड़ौत। बिजवाड़ा रजबहे की सफाई कार्य मेें अनियमिता का आरोप लगाते हुए बुधवार को किसानों ने हंगामा किया। उन्होंने मामले की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने कहा कि कई सालों से बिजवाड़ा रजबहे की सफाई नहीं हो रही थी, जिस कारण टेल तक पानी नहीं पहुंचता था। इसको लेकर किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को शिकायत की तो मामला बढ़ता देख टेंडर निकालकर रजबहे की सफाई का कार्य शुरू करा दिया गया। आरोप लगाया कि अब ठेकेदार रजबहे की सफाई में अनियमिता बरत रहा है। मात्रा सफाई कार्य में खानापूर्ति बरती जा रही है। यदि कोई किसान इसका विरोध करता है तो ठेकेदार उनके साथ अभ्रदता करते हैं और सरकारी काम में बाधा डालने को लेकर झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देता है। इससे किसानों में रोष पनपता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ठेकेदार के खिलाफ जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के किसान उग्र आंदोलन शुरू कर देंगे। इसका जिम्मेदार सिंचाई विभाग के अधिकारी होंगे। हंगामा करने वालों में ऋषिपाल, देवेन्द्र, आजाद, जयपाल, सुधीर, मनोज शामिल रहे।
वर्जन
शिकायत प्राप्त हुई है, जल्द ही औचक निरीक्षण कर ठेकेदार के खिलाफ अनियमिता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।- मुकेश कुमार सहायक अभियंता सिंचाई विभाग बड़ौत।