बागपत। सीबीएसई 12वीं के नतीजों में मेधावियों ने कामयाबी की चमक बिखेर दी। इंद्रप्रस्थ पब्लिक स्कूल, काठा (आईपीएस) के मेधावी छात्र अनमोल गुप्ता ने विज्ञान वर्ग में 96 प्रतिशत अंक हासिल ओवरआल टॉप किया। सेंट एंजेल्स पब्लिक स्कूल की छात्रा अर्चना प्रावलिया (कॉमर्स) और गेटवे इंटरनेशनल की छात्रा शिवानी तोमर (साइंस) ने संयुक्त रूप से 95.6 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा स्थान पाया। सेंट एंजिल्स स्कूल के शिवम चौधरी ने 95.2 प्रतिशत अंक हासिल कर मेरिट में तीसरा स्थान कब्जाया। रिजल्ट निकलने के बाद मेधावियों की खुशी का ठिकाना नहीं है।
रविवार को सीबीएसई बोर्ड ने नतीजे घोषित हो गए। आईपीएस काठा के प्रबंधक अजय चौधरी ने बताया अनमोल गुप्ता ने 96 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। देहरादून रीजन की ओर से जारी बागपत की मेरिट में वह पहले स्थान पर है। ओवरऑल मेरिट में सेंट एंजेल्स बागपत की अर्चना प्रावलिया और गेटवे इंटरनेशनल बागपत की शिवानी तोमर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रही। कॉमर्स वर्ग में अर्चना प्रावलिया जिले में पहले स्थान पर है। सेंट एंजेल्स की विशाखा गुप्ता कॉमर्स ने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर चौथा स्थान हासिल किया।
नतीजों के बाद स्कूलों में खुशी मनाई गई। स्कूल प्रबंधन के अलावा छात्र-छात्राओं ने खुशी मनाई। मेधावियों के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सेंट एंजिल्स पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अजय गोयल ने अच्छे नतीजे आने पर खुशी मनाई है। ओवरऑल स्कूलों का रिजल्ट बेहतर रहा। बागपत, बड़ौत और खेकड़ा के स्कूलों में दिनभर चहल-पहल का माहौल रहा।