बागपत। मवीकलां गांव में एक निर्माणाधीन होटल में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के अधिकारी अंकित त्रिपाठी को बंधक बनाने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दूसरे पक्ष ने भी अधिकारी पर रुपये मांगने की शिकायत दर्ज कराई है।
एनजीटी अधिकारी अंकित त्रिपाठी ने कोतवाली में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मवीकलां गांव में एक बहुमंजिला इमारत बन रही है। दो दिन पहले वे अपनी टीम के साथ भवन की जांच करने पहुंचे थे। त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि भवन निर्माण करने वाले व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें बंधक बना लिया और अभद्रता की। इस घटना को लेकर वहां हंगामा भी हुआ। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें बंधनमुक्त कराया।
इस मामले में दूसरे पक्ष के ओमसिंह ने भी कोतवाली में तहरीर दी है। ओमसिंह ने एनजीटी अधिकारी अंकित त्रिपाठी पर रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई अनिल कुमार यादव ने बताया कि निर्माणाधीन भवन की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है। फुटेज की जांच की जा रही है और सत्यता सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।