दूसरे दिन 31 मतदानकर्मी रहे अनुपस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विधान सभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को दूसरे दिन गेटवे इंटरनेशनल स्कूल में मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के पहले दिन 30 और दूसरे दिन 31 मतदान कर्मी अनुपस्थित रहे। प्रशिक्षण में मतदान कर्मियों को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान कराने का प्रशिक्षण दिया गया। डीएम राजकमल यादव ने चुनाव प्रशिक्षण का निरीक्षण कर प्रशिक्षकों व मतदान कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए।
दस फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन की तैयारी चल रही है। शुक्रवार को गेटवे इंटरनेशन स्कूल में मतदान कर्मियों को चुनाव संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनरों ने दो पालियों में मतदान कर्मियों को चुनाव संबंधी प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतदान कर्मियों को निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए। मतदान कर्मियों को ईवीएम मशीन से मतदान कराने के अलावा पोस्टल बैलेट पेपर खोलने और गिनती, बस्तों को सील करने की जानकारी दी। डीएम राजकमल यादव ने मास्टर ट्रेनर व मतदान कर्मियों चुनाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने व शांतिपूर्ण चुनाव कराने और प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे 31 मतदान कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।