बागपत। बीएसए ने सूरजपुर मेहनवा, चौहल्दा और अग्रवाल मंडी टटीरी के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो शिक्षकों पर शिक्षक डायरी नहीं मिली तो उन्होंने दोनों शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए और स्कूल में गंभीरता से शिक्षण कराने वाले शिक्षकों और मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया।
बीएसए राजीव रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि पूर्व में सभी शिक्षकों को मौखिक एवं लिखित रूप में शिक्षण कार्य कराते समय शिक्षक डायरी एवं लेखन प्लान की जानकारी दी। इसके बाद भी महनवा के स्कूल के दो शिक्षकों पर लेखन प्लान एवं शिक्षक डायरी नहीं मिली। उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश देते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
इस दौरान बीएसए ने स्कूल में सही तरीके से शिक्षण कार्य कराने के लिए चौहल्दा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक प्रभुदयाल और मनीषा, प्राथमिक विद्यालय के प्रवेश शर्मा को पेन भेंट कर सम्मानित किया। सूरजपुर मेहनावा के स्कूल के कक्षा एक के पारस, कक्षा छह की संजना और कक्षा चार की छलन शर्मा व पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौहल्दा के शुभम व अरमान को प्रश्नों के सही जवाब देने पर कॉपी व पेन भेंट कर सम्मानित किया और पूरी कक्षा में उनसे टॉफी बंटवार अन्य बच्चों को उनकी तरह शिक्षण कार्य करने के लिए प्रेरित किया।