बागपत। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए गेटवे इंटरनेशनल स्कूल में तीन दिन चले प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे 203 कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए है। सीडीओ अभिराम त्रिवेदी ने अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
गेटवे इंटरनेशनल स्कूल में नौ से 12 अप्रैल तक पीठासीन व मतदान कर्मियों को मतदान संबंधी प्रशिक्षण दिया गया था। पहले दिन प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को अंतिम दिन प्रशिक्षण में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। प्रशिक्षण में अनुपस्थित पीठासीन, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय अंतिम दिन भी प्रशिक्षण में नहीं पहुंचे। सीडीओ अभिराम त्रिवेदी ने प्रशिक्षण में भाग न लेने वाले 203 कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए है। स्पष्टीकरण भी मांगा है। इसके अलावा सभी पीठासीन अधिकारी व मतदान कर्मियों को चुनाव ड्यूटी में लापरवाही न बरतने व अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।