टीकाकरण केंद्र व जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार आयुष खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग व प्रभारी मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे। उन्होंने कोविड टीकाकरण केंद्र व जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को तीसरी लहर के दृष्टिगत तैयारी शुरू करने व सेंटर पर वेंटिलेटर बेड, ऑक्सीजन की व्यवस्था के निर्देश दिए।
उन्होंने एसपीसी डिग्री कॉलेज में 18 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों के चल रहे कोविड टीकाकरण केंद्र व अभिभावक स्पेशल केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने टीकाकरण व्यवस्था देखकर स्टाफ की सराहना व हौसला अफजाई की। उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चलाने और उपचार के दौरान लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश प्रत्येक नागरिक की सेवा में सदैव तत्पर खड़ी है।
उन्होंने कहा कि जिला स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों का कार्य सराहनीय है। जिले में दूसरी लहर पर अच्छा नियंत्रण किया गया है। जिले भर में सैनिटाइजेशन अभियान, कांटेक्ट ट्रेसिंग कराई जा रही है। उन्होंने कोरोना संक्रमितों से प्रतिदिन वार्ता करने के लिए डीएम राजकमल यादव की कार्यशैली की सराहना की। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपा ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले में 110 स्थलों पर कोविड टीकाकरण किया गया है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल सिंह, विधायक योगेश धामा, विधायक केपी मलिक, डीएम राजकमल यादव, एसपी अभिषेक सिंह, सीएमओ डॉ. आरके टंडन, एडीएम अमित कुमार सिंह मौजूद रहे।