किसानों की भूमि का विवाद सुलझाने की हुई पहल
खादर पहुंचे एसडीएम व सीओ, यूपी और हरियाणा के किसानों के बीच चल रही है तनातनी
बड़ौत। टांडा के यमुना खादर में यूपी और हरियाणा के किसानों में चल रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए प्रशासन ने पहल कर दी है। बृहस्पतिवार को एसडीएम और सीओ टांडा गांव पहुंचे और किसान व सर्वे टीम से वार्ता की। किसानों को हिदायत दी कि जब तक सर्वे पूरा नहीं होता, तब तक शांति बनाए रखें।
एसडीएम दुर्गेश मिश्र व सीओ आलोक कुमार ने खादर पहुंचकर सर्वे टीम से जानकारी जुटाई। इस दौरान हरियाणा के पानीपत जनपद के खोजकीपुर व यूपी के टांडा गांव के काफी किसान मौके पर पहुंचे। किसानों ने अपना-अपना पक्ष रखा। एसडीएम ने कहा कि सर्वे कार्य पूर्ण होने के बाद उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर वास्तविक मालिक को भूमि पर कब्जा दिलाया जाएगा। इस बीच विवाद करने और माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान तहसीलदार प्रदीप कुमार, नायब तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
ये है विवाद
टांडा गांव के किसान देशपाल, तासीन, यूनुस, धर्मवीर, सोनू का कहना है कि कोर्ट के फैसले के बाद विवादित भूमि पर उनका कब्जा है। इसके बावजूद खोजकीपुर के किसान उनकी जमीन पर कब्जा कर गेहूं की बुआई कर रहे हैं। खोजकीपुर के किसानों की झूठी शिकायत पर गांव के इश्तखार और सरताज को हरियाणा के बापौली कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले रखा है। वहीं, खोजकीपुर गांव के किसानों का कहना है कि जमीन पर उनका कब्जा है।