बागपत। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्टेंशन टैक्नोलॉजी योजना के अंतर्गत बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में जिला स्तरीय किसान गोष्ठी व मेले का आयोजन किया गया। गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक योगेश धामा व जिलाधिकारी राजकमल यादव ने फीता काटकर व मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
गोष्ठी में कृषि एवं सहवर्ती विभाग, उद्यान ,पशुपालन ,गन्ना, मत्स्य, सहकारिता विभाग ने अपनी योजनाओं के स्टाल लगाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी दी। गोष्ठी में किसानों को मल्चर, जीरो टिल, सीड ड्रिल, हैप्पी सीडर ,सुपर सीडर, पावर टिलर, 35 एचपी ट्रैक्टर , 50 एचपी ट्रैक्टर , 42 एचपी ट्रैक्टर , 55 एचपी ट्रैक्टर यंत्रों का प्रदर्शन किया गया।
विधायक योगेश धामा ने कहा कि किसानों को खुशहाल बनाने के लिए सरकार किसानों के हित के लिए योजना संचालित कर रही है। किसानों को किसान सम्मान निधि का भरपूर लाभ दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने किसानों को नवीनतम तकनीकी खेती करने पर उनका उत्साहवर्धन किया। उप कृषि निदेशक प्रशांत कुमार ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ अमित चौधरी ने किसानों को उद्यान की फसलों के बारें में बताया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ रमेश चंद ने किसानों को पशुपालन विभाग की योजनाओं के बारें में जानकारी दी। जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती ने गन्ना विभाग व भूमि संरक्षण अधिकारी संदीप पाल ने किसानों को भूमि संरक्षण व मृदा स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी। गोष्ठी में कृषि विभाग, उद्यान विभाग, गन्ना विभाग, पशु पालन विभाग की ओर से स्टॉल लगाकर किसानों को विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। गोष्ठी में रामकुमार, नत्थू, ओमपाल, संतराम सहित 350 किसानों ने भाग लिया।