बागपत। होली और दुल्हैंडी के त्योहार पर जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जिले को तीन जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया है। 22 होलिका दहन स्थल संवेदनशील है। डीएम शकुंतला गौतम ने एसडीएम और सीओ को संवदेनशील क्षेत्रों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए है।
एडीएम अमित कुमार सिंह ने बताया कि होली और दुल्हैंडी त्योहार के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। तहसील क्षेत्र पर तीन जोन बनाए गए हैं। इसके अलावा जिले को 17 सेक्टरों में बांटा गया है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम बड़ौत, बागपत और खेकड़ा को अपने-अपने जोन की जिम्मेदारी दी गई है।
एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि जिले में 633 जगह होलिका दहन होगा, जिनमें से 22 स्थान संवेदनशील हैं। इन स्थानों की विशेष निगरानी की जाएगी। होलिका दहन समिति का गठन कर दिया गया है। गणमान्य लोगों से आह्वान किया गया है कि वह भाईचारे के साथ त्योहार मनाने के लिए समाज को प्रेरित करें।
पांच साल में हुए झगड़ों पर नजर
बागपत। पुलिस ने होली के त्योहार पर पिछले पांच साल में हुए झगड़ों का लेखा जोखा निकालकर खंगाला है। जिन क्षेत्रों में झगड़े हुए हैं, उन पुराने मामलों में लोगों से बातचीत की गई है।
होलिका पूजन और दहन के दौरान तैनात रहेगी पीएसी
बागपत। बड़ौत क्षेत्र के कई होलिका दहन स्थल संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं। होलिका पूजन और होलिका दहन के दौरान यहां पीएसी तैनात रहेगी।