महिला सहित तीन के खिलाफ दोघट थाने में मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। गांगनौली गांव के एक युवक से महिला सहित तीन लोगों ने उसकी पॉलिसी बंद करने के नाम पर 25,562 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित युवक ने तीनों के खिलाफ दोघट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
गांगनौली गांव निवासी रवि राठी पुत्र जयवीर सिंह ने बताया कि उसकी एक प्राइवेट बैंक में पॉलिसी चल रही थी। उसने पॉलिसी को बंद कराने के लिए आवेदन किया था। पांच जनवरी को उसके मोबाइल नंबर पर एक महिला का फोन आया था। महिला ने अपना नाम अर्चना बताते हुए कहा कि वह बैंक की इंश्योरेंस ब्रांच की कर्मचारी है। पॉलिसी बंद कराने के लिए उसे सीनियर अधिकारी अजय श्रीवास्तव का नंबर देकर फोन पर बात करने के लिए कहा। आरोप है कि अजय श्रीवास्तव ने उसे भरोसे में लेकर खाते में 25,562 ट्रांसफर करने के लिए कहा। यह भी कहा कि यह धनराशि पॉलिसी की धनराशि के साथ वापस कर दी जाएगी। उसने धनराशि उसके खाते में ट्रांसफर कर दी। इसके बाद अजय श्रीवास्तव ने अपने सीनियर दिलीप पर्वत का नंबर दिया। उसने दिलीप पर्वत से भी बात की, मगर अब तक ना तो उसको पॉलिसी की धनराशि मिली है और ना ही कर्मचारी उसका फोन रिसीव कर रहे है। उसने महिला सहित तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।