बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित असारा बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहे यात्रियों को कार ने टक्कर मार दी। इसमें महिला रहिसा (35) की मौत हो गई और उसके दो बेटों समेत चार सदस्य घायल हो गए। इसके अलावा ककड़ीपुर पुलिस चौकी के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवक भी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
असारा गांव के कय्यूम की दो बेटियों का रविवार को निकाह हुआ था। शादी समारोह से भाग लेकर रिश्तेदार सोमवार को वापस अपने घर जाने के लिए असारा बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बड़ौत की ओर से ेएक कार आई। कार ने मुजफ्फरनगर के सौरम गांव निवासी रहिसा, उसके बेटे मुस्कान (5), मोमीन (10), अशरफाबाद निवासी महिला रूकसाना और उसकी बेटी समरीन (3) को टक्कर मार दी। इसमें महिला रहिसा की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य सदस्य घायल हो गए। लोगों ने घायलों को बड़ौत के अस्पताल में भर्ती कराया। रमाला पुलिस ने मृतका रहिसा का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही कार और उसके चालक को पकड़ लिया।
इसके अलावा ककड़ीपुर पुलिस चौकी के पास बड़ौत की ओर से जा रही रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवक को टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रुप से घायल हो गए। उनको अस्पताल में भर्ती कराया।
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
खेकड़ा। नगर निवासी एक तीस वर्षीय युवक की अज्ञात कारणों के चलते रविवार की रात्रि में करीब ग्यारह बजे मौत हो गई। चर्चा है युवक ने ग्रह कलह के चलते जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। परिजनों ने सुबह के समय गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।