प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर गोष्ठी का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एसपीसी कालेज में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। वक्ताआें ने कहा कि बेटियों के बिना समाज की कल्पना भी संभव नहीं है।
मुख्य अतिथि सीएमओ डा. आरके टंडन ने कहा कि बेटियों के बिना समाज की कल्पना नहीं की जा सकती है। बेटियां आगे बढ़कर अलग-अलग क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रही है। उन्होंने बेटियों को बोझ न समझने और बेटों की तरह बेटियों की परवरिश करने का आह्वान किया। पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी एसीएमओ डा. भुजवीर सिंह ने भी गोष्ठी में संबोधित किया। गोष्ठी में सुषमा त्यागी प्रथम, तैय्यबा मलिक द्वितीय और मुस्कान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विभाग की ओर से विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पीसीपीएनडीटी के कोआर्डिनेटर राकेश कुमार, पटल सहायक सुरेश कुमार, रूपेश चौहान के अलावा कालेज का स्टाफ और छात्राएं मौजूद रही। उधर, सीएचसी बागपत डॉ विभाष राजपूत ने गर्भवती महिलाओं की जांच कर दवाई व फल वितरित किए गए। वहीं, छपरौली सीएचसी पर 101 महिलाओं की जांच कर दवाईयां वितरित की गई।
1504 जांच, जिले में एक केस एक्टिव
बागपत। सीएमओ डॉ आरके टंडन ने बताया कि जिले में मंगलवार को ट्रूनेट से एक, आरटीपीसीआर 501 और एंटीजन 1002 सहित 1504 लोगों की जांच की गई। सभी रिपोर्ट निगेटिव आई। जिले में अब तक संक्रमितों की संख्या 2329 है और एक एक्टिव केस है। अब तक कोरोना संक्रमण से 36 लोगों की मौत हो चुकी है। लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए कोविड गाइड लाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए है।
युवाओं को मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण
बागपत। उप्र कौशल विकास मिशन के अंतर्गत जिले के दो सौ युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। सौ युवाओं को गृहसज्जा के उत्पाद तैयार करने और सौ युवाओं को कंस्ट्रक्शन ट्रेड का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कौशल विकास मिशन के निदेशक कुणाल सिल्क ने डीएम तथा सीडीओ को भेजे पत्र में बताया कि युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए दो एजेंसियों का चयन किया गया है।