क्षेत्र में गोकशी करने वाला गिरोह सक्रिय
बागपत। शहर में गोकशी करने वाला गिरोह सक्रिय है। सोमवार की रात में मेरठ रोड पर बेसहारा गोवंशीय पशु को नशीला इंजेक्शन लगाकर ले जाने की कोशिश की गई। गश्त कर रही पुलिस को देखकर बदमाश भाग निकले। गन्ने के खेत में जाकर गोवंशीय पशु बेहोश हो गया। पुलिस ने गोकशी करने वाले गिरोह की तलाश की, लेकिन गिरोह के सदस्य भागने में सफल रहे।
मेरठ रोड पर सोमवार की रात में करीब ढाई बजे पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी समय पुलिस को सड़क किनारे गोवंशीय पशु खड़ा मिला। उसके कूल्हे में इंजेक्शन की सीरीज लगी हुई थी। पुलिस कर्मी को देखकर गोवंशीय पशु जंगल की तरफ भाग लिया। पुलिस कर्मी उसके पीछे चलते रहे। गन्ने के खेत में जाकर पशु बेहोश हो गया। पुलिस ने रात्रि में क्षेत्र में गोकशी करने वालों की तलाश की, लेकिन पुलिस टीम को देखकर गोकशी की घटना को अंजाम देने आए लोग भाग निकले। पुलिस कर्मियों की टीम गोवंश के होश में आने तक वहीं बैठी रही। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि गोवंशी पशु मेरठ रोड पर मिला । गिरोह की तलाश की जा रही है। पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं।